
कालाढूंगी । कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के चार साल के कामकाज से बेहद दुखी है और बदलाव चाहती है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से कांग्रेस को भी काफी उम्मीदे हैं और जनता को भी। निसंदेह कांग्रेस जनता की आवाज बनेगी और उसे विकल्प देगी। यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई को रोकने में नाकाम रही है। कोरोना महामारी के नियंत्रण में सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। आम जनता बदलाव की ओर देख रही है। कांग्रेस जनता को बेहतर विकल्प देगी। कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है।यादव ने कहा कि तीन दिन की समीक्षा में शीर्ष स्तर से ब्लॉक स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी। उनके सुझाव के अनुसार ही पार्टी आगे बढ़ेगी।

सभी एकजुट, मिलकर लड़ेंगे जनता की लडाई
पार्टी के शीर्ष स्तर के नेताओं के मन और मतभेदों पर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। पूरी कांग्रेस एक है। इस बैठक में सभी शीर्ष नेताओं से बातचीत की जा रही रही है। क्या समस्याएं है, क्या दिक्कतें है, उन्हें कैसे ठीक किया जा सकता है, सभी पहलुओं पर मंथन जारी है।
