काले कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने किया जबरदस्त ट्रैक्टर मार्च
अशोक सरकार ब्यूरो चीफ़ चंपावत
अशोक सरकार ब्यूरो चीफ़ चंपावत
ऊधम सिंह नगर के सीमांत क्षेत्र खटीमा में किसानों ने आज काले कृषि कानूनों के विरोध में विशाल ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया। गौरतलब है कि कृषि कानूनों को लेकर देश भर के किसान लंबे समय से दिल्ली सीमावर्ती क्षेत्रों में आंदोलनरत है तथा देश भर के किसानों में भारी आक्रोश है। इसी के मद्देनजर आज खटीमा के किसानों ने भी विशाल ट्रैक्टर मार्च निकाल कर अपने आक्रोश को व्यक्त किया। किसान नेता गुरसेवक सिंह ने बताया कि देशभर के किसान लंबे समय से कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर संघर्षरत हैं।
इसी को लेकर आज हम लोगों ने भी विशाल ट्रैक्टर मार्च का आयोजन किया है। उन्होंने बताया कि अभी तो ये हमारा ट्रेलर है, 26 जनवरी को हम सभी लोग दिल्ली के ट्रैक्टर मार्च में शामिल होंगे। राणा थारु परिषद के अध्यक्ष रमेश राणा ने बताया कि थारू जनजाति समाज भी काले कृषि कानूनों का पुरजोर विरोध करता है। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी को रणनीति बनाकर भारी संख्या में ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ दिल्ली में चल रहे आंदोलन में शामिल होकर धरना प्रदर्शन करेंगे। जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार ने बताया कि काले कृषि कानूनों के विरोध में और दिल्ली में आंदोलनरत किसानों के हौसला अफजाई के लिए आज खटीमा से नानकमत्ता तक ट्रैक्टर मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो किसान दिल्ली नहीं पहुंच पा रहे हैं वो किसान तहसील व ब्लाक स्तर पर रैली व धरना प्रदर्शन करके सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
