
संपादक मुस्तज़र फारूकी
कालाढूंगी-रामनगर मार्ग में मुख्य नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन मैथिशाह नाले के पुल का कार्य कछुआ गति से होने के कारण प्रतिदिन जाम लगना आम बात हो गई है। जिस कारण यात्री परेशान हैं और यहां आये दिन दुर्घटना हो रही हैं। पुल का निर्माण कछुआ चाल से चलने के कारण डेढ़ वर्ष से अधिक का समय बीत गया लेकिन यह पुल नहीं बन सका। पुल निर्माण कार्य वाले स्थान पर लगातार जाम लग रहा है लोग परेशान हैं तथा प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा भयंकर सड़क दुर्घटना की भी आशंका बनी हुई है। ठेकेदार की हठधर्मिता के चलते यहां सप्ताहभर कार्य चलता है और एक महीने बंद रहता है। यह सबकुछ जानते हुए भी कार्यदायी संस्था लोकनिर्माण विभाग भी तमाशबीन बना हुआ है। और इस मार्ग से प्रतिदिन अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का आवागमन भी रहता है उसके बावजूद भी पुल निर्माण कछुआ गति से होना हैरत की बात है। देखा जाए तो यह पुल ऐसे मार्ग पर स्थित है जो मार्ग कालाढूंगी से होकर, देहरादून हल्द्वानी, रामनगर, बाजपुर, कोटाबाग, नैनीताल को जोड़ता है इसलिए यहां यातायात आवागमन अत्यधिक रहता है क्योंकि यहां दूसरा कोई वैकल्पिक रास्ता भी नहीं है इसलिए उक्त पुल का निर्माण तेजी से होना चाहिए था। यहां पुल निर्माण कछुआ चाल से होने के कारण राहगीरों को परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।

