ब्यूरो चीफ जावेद ज़ैदी
रामपुर के इस सामान की है दुनिया में भारी मांग, अमेरिका ने 100 करोड़ का ऑर्डर मंगाया
रामपुर:- उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले के मेन्थॉल (मेंथा ऑयल) की दुनिया में बड़ी मांग है। सालभर में यहां लगभग 1750 करोड़ का मेन्थॉल निर्यात होता है। खबर है कि, अब अमेरिका ने सौ करोड़ रुपए कीमत का मेंथॉल अपने लिए मंगाया है। बता दें कि, मेंथॉल पुदीने व पिपरमेंट से तैयार होने वाला खास तरल होता है। इसका सुपारी, पान, चॉकलेट, सिगरेट एवं कफ सीरप में ज्यादा इस्तेमाल होता है। उत्तर प्रदेश मैंथा एक्सपोर्टर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु कपूर ने बताया कि, ‘लॉकडाउन की अवधि के ढाई माह में ही रामपुर से करीब 350 करोड़ का निर्यात हुआ। अमेरिका, इटली, स्पेन, जर्मनी, ब्राजील जैसे देश हमसे मैंथा उत्पाद खूब खरीदते हैं। इसके क्रिस्टल या मेंथा ऑयल का इस्तेमाल दवा बनाने में भी होता है। उत्तर प्रदेश में इसका रामपुर, मुरादाबाद, चन्दौसी, बाराबंकी, लखनऊ आदि शहरों में उत्पादन होता है।
वहीं, स्वाति मेंथॉल के चेरयमैन एवं इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष एस के गुप्ता ने कहा- ‘इन दिनों मेंथॉल की डिमांड अमेरिका के शिकागो, न्यूयार्क और न्यूजर्सी जैसे शहरों में है। ऐसे में अमेरिका को 100 करोड़ से ज्यादा का मैंथा निर्यात किया गया है।’ विष्णु कपूर बोले कि, यदि लॉकडाउन लागू नहीं हुआ होता मेंथॉल की डिमांड और ज्यादा होती।’रामपुर के मेंथॉल की मांग अमेरिका, यूरोप के अलावा अफ्रीकी देशों में भी है। इन दिनों कोरोना से जूझ रहे अमेरिका में रामपुर के मेंथॉल की डिमांड बढ़ गई है। उसके अलावा इटली, ब्राजील, स्विटजरलैंड, फ्रांस और जर्मनी आदि देशों को भी करीब 250 करोड़ का मेन्थॉल बेचा गया है। प्रदेशभर की बात की जाए तो सालाना 3000 करोड़ और देश की बात की जाए तो करीब 6500 करोड़ से अधिक का मेंथॉल निर्यात होता है।