


उत्तरप्रदेश – झाँसी के लहचूरा थाना क्षेत्र के बरुआमाफ गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्राप्त हुई ख़बर के अनुसार यहां एक मां ने अपने साथ डेढ़ साल के मासूम बेटे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। कुछ देर बाद चीख-पुकार के साथ घर से धुआं निकलता देख आस-पड़ोस के लोग घर पहुंचे और आग बुझाई। तब तक दोनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष के लोगों ने विवाहिता की मौत पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने विवाहिता के पति समेत अन्य ससुरालीजनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लहचूरा थाना क्षेत्र के बरुआमाफ गांव निवासी कौशल कुशवाहा किसान है। उसकी शादी पांच साल पहले मऊरानीपुर निवासी पूजा (26) से हुई थी। पुलिस के मुताबिक शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पूजा का डेढ़ साल का बेटा कुछ दिनों से बीमार था। उसका इलाज कराने को लेकर भी विवाद चल रहा था। रविवार सुबह करीब आठ बजे पूजा के कमरे से उसके चीखने की आवाज आने लगी। मासूम की भी रोने की आवाज़ आने लगी। धुआं निकलता देख पड़ोसी वहां पहुंचे। पूजा और उसका बच्चा आग की लपटों से घिरे हुए थे। एसपी (आरए) गोपीनाथ सोनी के अनुसार दुल्हन पक्ष के लोग दहेज के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगा रहे हैं। पति और अन्य ससुरालियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दुल्हन पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

